“मंदसौर वन विभाग में लोकायुक्त का शिकंजा: 3 हजार की रिश्वत लेते स्थापना शाखा प्रभारी रंगे हाथ गिरफ्तार”
मंदसौर। मध्यप्रदेश, भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सामान्य वन मंडल कार्यालय मंदसौर के स्थापना शाखा प्रभारी को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक ललित मीणा, निवासी डीगांवमाली, तहसील एवं जिला मंदसौर, जो गांधीसागर अभयारण्य पूर्व रेंज में वनरक्षक के पद पर कार्यरत हैं, ने 27 मई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि स्वयं के उपचार हेतु अहमदाबाद (गुजरात) जाने के लिए 43 दिन के अर्जित अवकाश की स्वीकृति के संबंध में जब वे सामान्य वन मंडल कार्यालय पहुंचे तो स्थापना शाखा प्रभारी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर ने अवकाश प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले तीन से चार हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत की जांच एवं सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर लोकायुक्त उज्जैन ने योजनाबद्ध कार्रवाई की। महानिदेशक लोकायुक्त के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में गठित टीम ने 2 जून 2026 को ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्ण प्रताप सिंह राठौर को सामान्य वन मंडल कार्यालय मंदसौर स्थित स्थापना शाखा कक्ष में आवेदक से 3,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त टीम में शामिल अधिकारी
- उप पुलिस अधीक्षक दिनेशचंद्र पटेल
- निरीक्षक हिना डाबर
- प्रधान आरक्षक हितेश ललावत
- आरक्षक उमेश जाटव
- आरक्षक मोहम्मद इसरार
- आरक्षक श्याम शर्मा
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से शासकीय विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
