डुंगरखेड़ी गांव में पुलिस की कार्रवाई, दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण जब्त
मंदसौर। मध्यप्रदेश, मंदसौर जिला के शामगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम डुंगरखेड़ी में कार्रवाई करते हुए दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और विभिन्न उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस ने इस मामले में कृष्णपालसिंह और शिवराजसिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को शामगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम डुंगरखेड़ी में आरोपियों के घर एवं बाड़े पर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री सहित कई उपकरण जब्त किए।
ये सामग्री की गई जब्त
पुलिस कार्रवाई के दौरान 25-25 किलोग्राम वजन के मिल्क पाउडर एवं पारस व्हे प्रीमिनेट पाउडर के कुल 6 कट्टे, वनस्पति के 15-15 लीटर वाले 5 टीन के डिब्बे, 14 खाली टीन के डिब्बे, एक इलेक्ट्रॉनिक फिल्टर मिक्सर मशीन, एक गैस भट्ठा, एचपी कंपनी की एक गैस टंकी, यूरिया के 4 कट्टे, एक डीप फ्रीजर, एक स्टील की कोठी, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और एक पानी की मोटर जब्त की गई। इसके अलावा 40 लीटर की एक प्लास्टिक कैन में भरा लिक्विड सोप, दूध भरने वाली 10 खाली प्लास्टिक कैन तथा दूध की जांच करने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक मशीनें भी जब्त की गईं।
दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
मामले में कृष्णपालसिंह पिता बद्रीसिंह सौंधिया राजपूत एवं शिवराजसिंह पिता बद्रीसिंह, दोनों निवासी ग्राम डुंगरखेड़ी, के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने अपराध क्रमांक 393/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में शामगढ़ थाना पुलिस की ओर से उनि ओमप्रकाश राठौर की भूमिका बताई गई है। मामले में जब्त सामग्री के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।