भोपाल। मध्य प्रदेश पंचायत सचिव संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने प्रदेशभर के पंचायत सचिवों, संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 11 एवं 12 जुलाई 2026 को पचमढ़ी (जिला नर्मदापुरम) में आयोजित होने वाले दो दिवसीय संगठनात्मक चिंतन एवं महामंथन सम्मेलन में अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की है।
सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पचमढ़ी संगठन की जन्मस्थली है, जहां वर्ष 2000 में संगठन की नींव रखी गई थी। इसी ऐतिहासिक स्थल पर आयोजित होने वाला यह सम्मेलन पंचायत सचिवों के भविष्य, संगठन को मजबूत बनाने और ष्मिशन 70,000ष् को गति देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सम्मेलन में पंचायत सचिवों के स्थायी पेंशन, समयमान वेतनमान, पदोन्नति (प्रमोशन), सेवा संबंधी अधिकारों एवं अन्य लंबित मांगों पर व्यापक मंथन किया जाएगा। साथ ही संगठन को नई दिशा और नई शक्ति प्रदान करने के लिए रणनीति भी तैयार की जाएगी।
उन्होंने सभी संभाग, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों के पंचायत सचिवों से व्यक्तिगत संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में पचमढ़ी पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है।
दिनेश शर्मा ने कहा कि संगठन की सफलता प्रत्येक पंचायत सचिव की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी सदस्यों से सम्मेलन की जानकारी अधिकाधिक साथियों तक पहुंचाने तथा दो दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में तन, मन और धन से सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन की आगामी रणनीति और मिशन 70,000 की दिशा में आगे की कार्रवाई न्यायालय में लंबित प्रकरणों के निर्णय सहित विभिन्न पहलुओं पर आधारित होगी।