जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक सम्पन्न, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने भाजपा पर साधा निशाना
Mandhya pardesh/ मंदसौर। जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक मंगलवार को आयोजित हुई, जिसमें पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुवे कहा अब राहुल गांधी को देश का प्रधान मंत्री बनाने का समय आ गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है। उनके अनुसार वोट चोरी, सीट चोरी और पार्टी तोड़ने के बाद अब लोगों की आस्था के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं और मंदिर से जुड़ी हालिया घटनाओं से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
राज्यसभा चुनाव में अपना नामांकन निरस्त किए जाने के मामले का उल्लेख करते हुए मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि नामांकन पत्र में लीगल नोटिस संबंधी जानकारी मांगी ही नहीं गई थी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस इस मामले में शीघ्र ही हाईकोर्ट में याचिका दायर करेगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में दिए गए “प्रतिरोध” के संदेश का अर्थ सत्याग्रह है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण एवं रचनात्मक तरीके से संघर्ष करेगा और भाजपा की कथित तानाशाही का हर स्तर पर मुकाबला किया जाएगा। उन्होंने किसानों को खाद की कमी तथा नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्रसिंह गुर्जर ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा चुका है और अब गांव एवं पंचायत स्तर पर जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा।
विधायक विपिन जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा कांग्रेस विधायकों को प्रलोभन देने के प्रयास विफल होने के बाद राज्यसभा नामांकन निरस्त करने जैसी कार्रवाई की गई।
बैठक को पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल, जिला अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रकाश रातड़िया, कांग्रेस नेता परशुराम सिसौदिया, प्रदेश सचिव राजेश रघुवंशी एवं सोमिल नाहटा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन महासचिव अजय लोढ़ा ने किया, जबकि आभार शहर ब्लॉक अध्यक्ष इष्टा भाचावत ने माना। बैठक में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बतादें,मीनाक्षी नटराजन तेलगाना राज्य की प्रभारी होकर मंदसौर की पूर्व सांसद है।