नगर पालिका में पदस्थ स्थापना बाबू को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने की बड़ी कार्यवाही
भोपाल। मध्यप्रदेश, शिवपुरी नगर पालिका में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। जिसमें लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने नगर पालिका में पदस्थ स्थापना बाबू को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शनिवार को लोकायुक्त की टीम ने एक शिकायत के बाद जहां छापामार कार्रवाई करते हुए नगर पालिका की स्थापना शाखा के बाबू भगवान लाल करौलिया को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
लोकायुक्त को नगर पालिका के ही एक निलंबित एआरआई हरिबल्लभ चंदोरिया ने शिकायत की थी कि उन्हें कुछ दिनों पहले उन्हें लंबित किया गया था उनकी बहाली के लिए 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। 20 हजार रुपए पूर्व में दिए गए थे और 40 हजार रुपए और देने थे। इस 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त की टीम ने नपा के स्थापना बाबू भगवान लाल करौलिया को गिरफ्तार किया।
लोकायुक्त दल प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि शनिवार को इस कार्रवाई के दौरान ट्रैप कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास मौजूद ऑडियो टेप में सीएमओ इशांक धाकड़ को पैसे देने की बात रिकॉर्ड है। फिलहाल भगवान लाल करोलिया को आरोपी बनाया गया है। अब आगे की कार्रवाई में जांच में आए अन्य तथ्यों के आधार पर नपा सीएमओ इशांक धाकड़ का नाम भी जोड़ा जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह जांच के बाद होगा।