मेघनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसा, राजस्थान से सीमेंट लेकर आ रहा एक ट्रक, मारुती ईको वैन पर पलट गया, ईको में सवार 11 लोगो में से 9 लोगों की मौत हो गई, हादसा रात करीब 3 से 4 बजे के करीब …

झाबुआ | झाबुआ जिले के मेघनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरी ट्रॉली ट्रक अनियंत्रित होकर एक वाहन पर पलट गई, जिससे मौके पर ही 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा मेघनगर के पास एक संकरी सड़क पर हुआ, जब तेज रफ्तार में आ रही सीमेंट लदी ट्रॉली ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने चल रहे वाहन पर जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नीचे दबे वाहन में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले लोग मुख्य रूप से झाबुआ जिले के शिवगढ़ महुड़ा और देवीगढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे। मृतकों में एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी हैं। इस हादसे में जिनकी मौत हुई, उनमें पांच नाबालिग भी शामिल हैं।
हादसे में घायल हुए दो लोगों में से एक का नाम पायल है, जो सोमला परमार की 19 वर्षीय बेटी हैं। वह देवीगढ़ की रहने वाली हैं और उन्हें झाबुआ से दाहोद रेफर किया गया है। दूसरा घायल 5 वर्षीय आशु है, जो रामचंद बामनिया का पुत्र है और शिवगढ़ महुड़ा का निवासी है।
घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान जारी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसा रात करीब 3 से 4 बजे के करीब हुआ।