भोपाल। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर मध्यप्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने निशाना साधा। सारंग ने राहुल गांधी के दौरे को ‘राजनीतिक पर्यटन’ बताते हुए कहा कि उनके प्रदेश में आने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन वे केवल राजनीतिक लाभ के लिए दौरा न करें।
मंत्री सारंग ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां देश की संवैधानिक व्यवस्थाओं और संस्थाओं पर बिना आधार के सवाल उठाते हैं। उन्होंने इंदौर में राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ‘मां जैसे पवित्र रिश्ते’ का मजाक उड़ाया।
सारंग ने कहा कि राहुल गांधी को देश की एकता और सम्मान को ध्यान में रखते हुए अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बालाघाट आएं, इसमें कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उनका दौरा केवल ‘राजनीतिक रोटी सेंकने’ तक सीमित नहीं होना चाहिए।